ग्रेटर नोएडा के नरौली गांव में एक शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में 11वीं कक्षा का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार रात गांव के अजीत नागर की बेटी की शादी में लोनी के मेवला भट्टी से बारात आई थी। चढ़त के समय बारात में शामिल एक युवक लगातार फायरिंग करता रहा।
इसी दौरान गांव का 16 वर्षीय तनिष्क उर्फ कालू, जो बारात देखने आया था, अचानक चली गोली का शिकार हो गया। गोली उसके पैर में लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस व परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि गोली पैर की हड्डी में फंसी हुई है।
पुलिस के अनुसार दूल्हे निखिल बैसला, उसके पिता समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग लाइसेंसी पिस्टल से हुई या अवैध हथियार का इस्तेमाल किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने कई राउंड फायरिंग की और दूल्हे पक्ष की ओर से उसे रोकने की कोशिश भी नहीं की गई। गोली लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और दूल्हे का नजदीकी बताया जा रहा है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि जारचा क्षेत्र में यह 11 दिनों के भीतर हर्ष फायरिंग की दूसरी घटना है। इससे पहले 30 नवंबर को नगला चमरू गांव में भी एक 12 वर्षीय बच्चा शादी में फायरिंग के दौरान घायल ह था
