कोहरे में हादसों पर लगाम: यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस की नई पहल, चालकों को चाय-पानी के साथ जागरूकता

कोहरे में हादसों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा एक्सप्रेस वे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए चाय पानी का इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा वाहन चालकों से कोहरे में धीमी गति से गाड़ी चलाने की अपील की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि कोहरे में हादसों को रोकने के लिए एक्सप्रेस वे पर अलग-अलग जगह पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके द्वारा वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर एक नई पहल की शुरुआत की है। एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर बड़े वाहन चालकों के लिए रात में चाय व पानी का इंतजाम किया गया है। पुलिस कर्मियों व टोलकर्मियों द्वारा रात के समय में बड़े वाहन चालकों को चाय पिलवाई जा रही है। इसके साथ ही उन्हें मुंह धुलवाने के लिए पानी भी दिया जा रहा है। दरअसल, कई बार नींद की झपकी आने की वजह से भी हादसे होते हैं।
एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर पुलिस कर्मी खड़े होकर वाहन चालकों को कोहरे के समय में सावधानी बरतने के बारे में जानकारी दे रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें एक्सप्रेस वे पर लोगों को जागरुक कर रही है। एक्सप्रेस वे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने व ओवरटेकिंग ने करने और साइड में वाहन न खड़ा करने आदि के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि कोहरे के समय सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *