नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के तुगलपुर गांव में कथित अवैध मांस व्यापार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव में सब्जी मंडी के पास बिना अनुमति चल रहे मांस व्यापार का विरोध करने पर एक अधिवक्ता और उनके परिवार को धमकाने का आरोप लगा है।
पीड़िता नेहा चेची ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में लंबे समय से अवैध तरीके से मांस का कारोबार किया जा रहा है, जिससे इलाके में तेज दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। इसका असर ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है और कई लोग बीमार हो रहे हैं। इस समस्या से परेशान होकर उन्होंने 30 जुलाई 2025 को पुलिस सहित उच्च अधिकारियों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायत भेजी थी।
शिकायत के बाद से ही कथित रूप से मांस व्यापार से जुड़े लोग उनसे रंजिश रखने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार को डराने के लिए लगातार झूठी शिकायतें की जा रही हैं और बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।
आरोप है कि 3 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर फर्जी वीडियो वायरल किए। इन वीडियो के माध्यम से पीड़ित परिवार की सामाजिक छवि खराब करने, भय का माहौल बनाने और अवैध दबाव डालने का प्रयास किया गया। बाद में इन्हीं वीडियो को कुछ यूट्यूब चैनलों और वेबसाइटों पर भी प्रसारित कराया गया।
पीड़िता का कहना है कि इन सभी कृत्यों का मकसद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना, बदनाम करना और अवैध मांगें मनवाना है। वहीं, इस मामले में कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
