ससुराल पक्ष पर जानलेवा हमला करने का आरोप, 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

थाना बीटा-2 क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, सास-ससुर समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बीटा-2 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आस्था ग्रीन सोसायटी निवासी अविनाश तोमर ने थाने में तहरीर दी है। अविनाश के अनुसार उसका विवाह वर्ष 2022 में कंचन पुत्री सतपाल के साथ हुआ था। उसने बताया कि शादी बिना किसी दान-दहेज के हुई थी।
पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी के माता-पिता आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उसके घर में विवाद करते थे। साथ ही उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी जाती थी।
अविनाश का कहना है कि उसकी पत्नी कंचन, ससुर सतपाल, सास संगीता, भाई रोबिन सहित रिचा, उर्वशी, नरेश, धर्मेंद्र, शारदा, सुनीता और रिशु ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर गोली भी चलाई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *