चार दिन पहले आठवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली छात्रा के पिता ने अब स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सिटी सोसायटी फोर्थ एवेन्यू में रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा कनिष्का ने 22 दिसंबर की रात अपने फ्लैट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती जांच में पुलिस ने पढ़ाई के दबाव और मानसिक तनाव को वजह बताया था।
अब छात्रा के पिता रवि रंजन ने स्कूल प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घटना वाले दिन कनिष्का गलती से मोबाइल फोन स्कूल ले गई थी। इस पर स्कूल में शिक्षकों ने उसे कक्षा में डांटा और मानसिक रूप से परेशान किया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पिता को भी बुलाया, जहां उनके सामने छात्रा को अपमानित किया गया।
परिवार का आरोप है कि इसी अपमान और तनाव से टूटकर कनिष्का ने देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच यह कदम उठाया। पिता ने इस मामले में बिसरख कोतवाली में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
पुलिस जांच में जुटी
बिसरख कोतवाली पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम बनाई गई है, स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन का पक्ष
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा के पास मोबाइल मिला था और वह एआई तकनीक का इस्तेमाल कर रही थी। प्रबंधन का दावा है कि छात्रा को डांटा नहीं गया, बल्कि समझाया गया था। स्कूल ने परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत और निराधार बताया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
