दादरी। कोट गांव के पास जीटी रोड पर पैदल जा रहे एक युवक को तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दादरी कोतवाली पुलिस के अनुसार कोट गांव निवासी राजेश ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 27 दिसंबर की शाम उनका भाई राजीव खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान जीटी रोड पर पीछे से आई एसयूवी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राजीव सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने में ही भलाई समझी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसयूवी की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत, चालक फरार
