पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क उठी, जिसमें पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को सुती और शमशेरगंज क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को अवरुद्ध कर दिया, जिसके बाद पुलिस के साथ झड़पें हुईं। शनिवार को शमशेरगंज के जाफराबाद में हिंसक भीड़ ने पिता और पुत्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी
हिंसा के मद्देनजर, पुलिस ने अब तक 118 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है और प्रभावित क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने हिंसा की घटनाओं को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग की है। अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्थिति संभालने में असमर्थ है और केंद्र से मदद लेनी चाहिए।
