उत्तर भारत ठंड की चपेट में, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी

उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का कहर जारी है। पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी ने मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर को तेज कर दिया है। दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। इन इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

दिल्ली में नए साल पर बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 जनवरी को दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा रहेगा। दिनभर शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ में कोहरे का असर
31 दिसंबर से हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना है। इन इलाकों में घना कोहरा छाने के कारण दृश्यता बेहद कम हो सकती है।

पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों में भी ठंड का असर
असम, मेघालय और ओडिशा समेत पूर्वोत्तर राज्यों में 31 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, उत्तराखंड, राजस्थान और सिक्किम में 1 जनवरी तक ठंड का असर महसूस होगा। हिमाचल प्रदेश में 2 जनवरी तक कड़ाके की ठंड और बर्फबारी जारी रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में तापमान गिरा, वायु गुणवत्ता में सुधार
सोमवार को दिल्ली में सफदरजंग का अधिकतम तापमान 15 डिग्री और पालम का 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। हालांकि, इस ठंड के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *