कोर्ट के पीछे की सर्विस रोड बदहाल, बिना बारिश के भी कीचड़ और पानी से भरी

सूरजपुर गांव में कोर्ट के पीछे बनी सर्विस रोड की हालत बेहद खराब हो चुकी है। बिना बारिश के ही सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा रहता है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का डर बना रहता है, वहीं चारपहिया वाहन भी मुश्किल से निकल पाते हैं।

आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या रोज़ की हो गई है। सड़क खराब होने के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे बनी नालियां काफी समय से टूटी और जाम पड़ी हैं। नालियों की सही सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है और पूरे इलाके में दुर्गंध भी फैलती है।

स्थानीय निवासी रवि ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर प्रशासन और संबंधित विभागों में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही अब बर्दाश्त के बाहर हो चुकी है।

यह सर्विस रोड कोर्ट के ठीक पीछे स्थित है, जहां रोज़ाना वकील, फरियादी और आम लोगों का आना-जाना रहता है। इसके बावजूद सड़क की ऐसी हालत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इस सर्विस रोड की मरम्मत कराई जाए और नालियों की सफाई व सुधार किया जाए, ताकि लोगों को रोज़मर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *