ग्रेटर नोएडा के सेक्टर MU-2 में नालों की हालत बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह नाले टूटे पड़े हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहकर इकट्ठा हो रहा है। इससे न केवल बदबू फैल रही है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय लोग रोज़ाना इस समस्या से जूझ रहे हैं, मगर समाधान अब तक नहीं हो पाया।
निवासी राजेश चौधरी और मोहित शर्मा ने बताया कि नालों के टूटने और गंदगी फैलने के कारण बच्चों और बुजुर्गों के लिए सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। सड़क किनारे फैला पानी दलदल का रूप ले लेता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है।
इस मुद्दे पर RWA के अध्यक्ष धीरेंद्र भाटी ने बताया कि जब-जब लोग शिकायत करते हैं तभी समस्या पर काम शुरू होता है। कई बार लगातार शिकायतें करने के बाद ही सफाई या मरम्मत का काम शुरू किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है क्योंकि हर बार निवासियों को अपनी परेशानी दर्ज कराने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते हैं।
निवासियों का आरोप है कि प्राधिकरण और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण ये हालात बने हुए हैं। अगर समय पर सफाई और मरम्मत हो जाए तो समस्या इतनी गंभीर न हो। लोगों का कहना है कि वे समय-समय पर अधिकारियों को सूचित करते रहते हैं, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकला है।
अब स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मुद्दे को प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द नालों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था भी बनाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
