छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप

नोएडा। जिले के छह निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। स्कूल की मेल आईडी पर भेजे गए मेल में स्कूल परिसर के कई हिस्सों में बम लगाने की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारी बम व डॉग स्क्वायड के साथ जांच की लेकिन कुछ नहीं मिला। बताया जा रहा है कि कई अभिभावक बच्चों को अपने साथ लेकर घर चले गए। मेल आईडी की जांच की जा रही है।

अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह कुछ स्कूल प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि उनके पास ईमेल आया है, जिसमें स्कूल में बम प्लांट करने का जिक्र है। सुबह साढ़े आठ बजे के करीब जैसे ही सूचना मिली, पुलिस की टीमें अलर्ट हो गईं। बम संबंधी जानकारी प्रबंधन को जिस समय हुई शिक्षक, अन्य स्टॉफ और बच्चे स्कूल पहुंच ही रहे थे। सूचना मिलते ही स्कूलों में अफरातफरी मच गई और पुलिस की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंच गईं। तुरंत ही बम व डॉग स्क्वॉयड की टीम ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। स्कूल प्रबंधनों की तरफ से छात्रों के अभिभावकों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद कई अभिभावक मौके पर पहुंच गए और कुछ अभिभावक अपने बच्चों को ले गए। पुलिस की चेकिंग के बाद जब मौके पर कुछ नहीं मिला तब स्कूलों में फिर से पढ़ाई शुरू की गई। अधिकारियों का दावा है कि बम की सूचना पूरी तरह से फर्जी निकली। पुलिस की टीम ने स्कूलों में जाकर चप्पे चप्पे की जांच की। ई मेल आईडी की जांच के लिए साइबर टीम लगाई गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस अधिकारी सभी प्रमुख निजी स्कूलों में पहुंचे और प्रबंधन के साथ मिलकर पूरे परिसर की चेकिंग की गई। जब कहीं पर कुछ नहीं मिला तब जाकर पुलिस टीमों ने राहत की सांस ली। मेट्रो स्टेशनों, शॉपिंग मॉल समेत अन्य जगहों पर भी सघन चेकिंग अभियान चला। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यह हॉक्स ईमेल थी। इस तरह के ई मेल के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह के नेटवर्क के लिए विदेशों की आईपी एड्रेस का इस्तेमाल होता है। विदेशों में सेटअप के कारण इनकी डिटेल मिलना मुश्किल होता है।ईमेल को ट्रेस कर रही साइबर सेल:
धमकी भरे ई मेल के बाद स्कूलों के आसपास की सुरक्षा बढ़ाई गई है। स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस पीआरवी को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। वहीं साइबर सेल को ईमेल ट्रेस करने का काम सौंपा गया है। अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से सतर्क रहने की अपील की गई है। इस घटना के बाद से अभिभावकों में डर का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि हर साल इस प्रकार के ईमेल स्कूलों में आते हैं। हायतौबा के बाद सबकुछ सामान्य हो जाता है। बाद में यह भी पता नहीं चल पाता है कि आरोपी कौन है।

टाइम लाइन

शुक्रवार सुबह 8:30 बजे: स्कूल प्रबंधन को धमकी भरे ई मेल की जानकारी मिली
8: 35 बजे : स्कूल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को जानकारी दी गई
8:40 बजे: पुलिस की स्थानीय टीम मौके पर पहुंची
8: 55 बजे: बम निरोधक दस्ता समेत पुलिस के उच्च अधिकारी पहुंच गए।
10:35 बजे: सघन तलाशी व जांच अभियान पूरापहले के मामले
– 1 मई 2024: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के डीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
– 17 अगस्त 2024: नोएडा सेक्टर -18 स्थित डीएलएफ मॉल में बम होने की फर्जी सूचना।
– 20 दिसंबर 2024: सेक्टर 126 स्थित लोटस वैली स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *