नोएडा के सेक्टर-66 के एक होटल से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के रोहिणी निवासी जतिन जग्गी ने सेक्टर-58 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को उनका सामान एक ऑनलाइन कूरियर सर्विस के जरिए होटल में डिलीवर किया गया। इसके बाद उन्हें एक कॉल आई, जिसमें युवक ने कहा कि डिलीवरी के समय चार्जर देना भूल गया है और वह उन्हें देने होटल आना चाहता है।
जतिन ने युवक को होटल के रूम में बुला लिया। वहां उसने पानी मांगा। जब जतिन पानी देने के लिए मुड़े, तो युवक ने उनके मुंह पर रुमाल रखकर उन्हें बेहोश कर दिया। होश आने पर जतिन ने पाया कि उनका लैपटॉप, दो मोबाइल फोन और अकाउंट से 42 हजार रुपये गायब हैं।
जतिन ने तुरंत पुलिस और बैंक को सूचना दी। लेकिन पुलिस ने उन्हें ई-एफआईआर करने को कहा और कोई मदद नहीं की। घटना के 21 दिन बाद मामला दर्ज हुआ है।
