होली पर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़, उत्तर रेलवे ने किए विशेष प्रबंध

नई दिल्ली: होली के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। दिल्ली मंडल के अंतर्गत आने वाले छह प्रमुख स्टेशनों—नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार, गाजियाबाद और पानीपत—पर मिनी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर इन कंट्रोल रूम्स के साथ समन्वय के लिए विशेष ड्यूटी अधिकारी (एसडीओ) तैनात किए गए हैं। नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग काउंटर भी स्थानांतरित किए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट यात्रियों के प्रवेश पर सख्ती बरतते हुए केवल वैध टिकट धारकों को ही स्टेशनों के अंदर जाने की अनुमति दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टिकटिंग और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं।

विशेष ट्रेनें और सुरक्षा व्यवस्था
होली के दौरान अधिक यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मंडल से कुल 14 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इनमें नई दिल्ली से 5, आनंद विहार से 6, दिल्ली जंक्शन से 2 और सराय रोहिल्ला से 1 ट्रेन शामिल है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 16 को विशेष ट्रेनों के लिए चिह्नित किया गया है, जबकि अन्य व्यस्त ट्रेनों को भी इस प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किया गया है।

आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को निर्बाध रूप से ट्रेन में चढ़ने देने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वेटिंग लिस्ट वाले यात्री आरक्षित कोच में प्रवेश न कर सकें। इसके लिए नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच दल तैनात किया गया है।

एफओबी और एंट्री गेट्स पर सख्ती
भीड़ के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की पर्याप्त तैनाती की गई है। अजमेरी गेट साइड पर प्रवेश व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए हैं:

प्लेटफॉर्म 1 से 15 के लिए प्रवेश गेट 8, गेट 9 और गेट 11 से होगा।

प्लेटफॉर्म 16 जाने वाले आरक्षित यात्रियों को गेट 10 से और अनारक्षित यात्रियों को गेट 12 से प्रवेश देना सुनिश्चित किया गया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन प्रबंधों से यात्रियों की यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *