नोएडा, 09 मार्च 2025: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा सेक्टर 22 स्थित कम्युनिटी सेंटर में रविवार को भव्य रंगोत्सव एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर फूलों की होली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राधा-कृष्ण की झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद बच्चों ने होली से जुड़े मधुर गीतों पर प्रस्तुति दी। समारोह में फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता ने आशीर्वचन देते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, संस्था के NCR अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अस्वस्थता के कारण वीडियो कॉल के जरिए शुभकामनाएं दीं। मंच संचालन वरिष्ठ महासचिव अमित अग्रवाल ने किया।
माननीयों की मौजूदगी ने बढ़ाई शोभा
समारोह में नोएडा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि एसीपी द्वितीय राकेश प्रताप सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजय वाली और अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के अध्यक्ष राधा कृष्ण गर्ग बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
संस्था के अध्यक्ष सुधीर चंद पोरवाल, वरिष्ठ महासचिव अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, संरक्षक राज कुमार गर्ग समेत अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंग वस्त्र और सम्मान प्रतीक देकर स्वागत किया। इस दौरान वंदना शर्मा ने चंदन टीका लगाकर सबको शुभकामनाएं दीं।
व्यापार मंडल के कार्यों की जानकारी दी गई
समारोह के अंत में अध्यक्ष सुधीर चंद पोरवाल ने व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों के हितों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही, सभी व्यापारियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।
फूलों की होली और गीत-संगीत से गूंजा माहौल
विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि संजय गोयल, मनोज गोयल, पुनीत गर्ग, मदन शर्मा, रवि शर्मा, रणपाल अवाना सहित कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नृत्य-संगीत और गुलाल के रंगों से पूरा वातावरण होली के उल्लास में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने सभी अतिथियों, पुलिस प्रशासन, पत्रकारों और RWA पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
