पुलिस ने शुक्रवार को नौकरी दिलाने के बहाने बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने की। आरोपी निखिल चाहल पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, क्योंकि वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, निखिल अमरोहा जिले के बंछराऊ का रहने वाला है और वह एक फर्जी कॉल सेंटर चलाता था। इस कॉल सेंटर के माध्यम से वह नौकरी के इच्छुक युवाओं का डेटा हासिल कर उनसे लाइफटाइम मेंबरशिप और रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे ऐंठता था। पैसे मिलते ही वह पीड़ितों की कॉल उठाना बंद कर देता था।
अब तक इस गिरोह ने करीब 200 युवाओं को ठगा है। दिसंबर 2024 में सेक्टर-63 पुलिस ने निखिल और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया था। निखिल के तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने निखिल के अमरोहा स्थित ठिकाने पर छापा मारा, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
