कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के रुख में भारत की सख्ती के बाद बदलाव दिखने लगा है। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के विवाद में अब ट्रूडो ने अपने ही खुफिया अधिकारियों को ‘अपराधी’ कहा है। दरअसल, एक फर्जी रिपोर्ट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर का नाम घसीटा गया था। इस पर ट्रूडो ने कहा कि मीडिया में ऐसी गोपनीय जानकारी लीक करने वाले अपराधी न केवल झूठ फैलाते हैं बल्कि अविश्वसनीय भी हैं।
उन्होंने कहा कि कनाडा की जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और कानून का पालन सुनिश्चित करना उनका मुख्य कर्तव्य है।
यह विवाद तब गहराया जब कनाडा के एक अखबार ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया कि पीएम मोदी को निज्जर हत्या की जानकारी थी। हालांकि, कनाडा सरकार ने इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि इसमें कोई साक्ष्य नहीं है और यह अटकलों पर आधारित है। इससे भारत-कनाडा के रिश्ते पहले से अधिक तनावपूर्ण हो गए।
