चचेरे भाई की गला दबाकर हत्या, शव नाले में फेंका; आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा : बिसरख कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए युवक की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमरोहा के हैबतपुर गांव निवासी इकरार सैफी उर्फ मोटा के रूप में हुई है। मृतक उसका चचेरा भाई नसीम था।

पुलिस जांच में सामने आया कि नसीम कई महीनों से आरोपी की पत्नी को मोबाइल पर वीडियो कॉल कर परेशान कर रहा था। इस वजह से दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 2 सितंबर को नसीम के फिर कॉल करने की जानकारी मिलने पर इकरार आगबबूला हो गया। उसने नसीम को ऐमनाबाद स्थित नाले के पास क्रिकेट मैदान में मिलने के बहाने बुलाया और वहीं गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नाले में फेंककर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, इकरार और नसीम करीब चार साल से ऐमनाबाद में किराए के कमरे में रहकर कारपेंटर का काम कर रहे थे। दोनों शादीशुदा थे। इकरार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने कई बार नसीम को पत्नी को परेशान न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माना। इसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी इकरार को पैरामाउंट चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक नसीम का आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और मोटरसाइकिल की चाबी भी बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *