ग्रेटर नोएडा, बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र: बीटा-2 कोतवाली इलाके में हुए सड़क हादसे में नारियल पानी बेचने वाले केदारी सिंह की मौत हो गई। केदारी सिंह बुलंदशहर के निवासी थे और स्वर्ण नगरी में किराए के मकान में रहते थे। रोजाना वह डेल्टा पुल के नीचे नारियल पानी बेचते थे।
परिवार के अनुसार, 8 सितंबर की शाम करीब सात बजे केदारी सिंह अपनी रेहड़ी लेकर घर लौट रहे थे। तभी जेपी ग्रीन्स के पास सामने से आ रही एक बाइक ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी रेहड़ी का कोना उनके पेट से टकराया और पेट में गंभीर चोट लग गई।
आर्थिक तंगी के कारण तुरंत इलाज नहीं हो सका। स्थानीय डॉक्टरों से केवल प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें गांव ले जा रहे थे। रास्ते में अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के पास उनकी मौत हो गई।
