बॉलीवुड अभिनेता सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। उनकी उम्र 74 साल थी। उनके अचानक निधन से फिल्म जगत और उनके चाहने वाले हैरान हैं। बताया जा रहा है कि सतीश शाह पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और उनकी मौत किडनी फेल होने के कारण हुई। इस खबर के बाद अस्पताल की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
हॉस्पिटल के बयान के अनुसार, सतीश शाह के बेहोश होने की सूचना मिलने पर उनके घर से इमरजेंसी कॉल आया था। कॉल मिलते ही अस्पताल की टीम तुरंत उनके घर पहुंची और एम्बुलेंस में ही उन्हें CPR (हार्ट रेस्क्यू प्रक्रिया) दी जाने लगी, जो हॉस्पिटल पहुंचने तक जारी रही। हालांकि, डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद सतीश शाह को बचाया नहीं जा सका। बयान में यह भी कहा गया कि “सतीश शाह एक बेहतरीन अभिनेता थे, जिनका भारतीय सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री में योगदान हमेशा याद किया जाएगा।”
अंतिम संस्कार की जानकारी
सतीश शाह का पार्थिव शरीर 26 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक उनके घर पर रखा जाएगा, ताकि परिवार, दोस्त और फैंस उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा।
उनका करियर
सतीश शाह ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1970 में फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 1984 के टीवी शो ‘ये जो है जिंदगी’ से मिली। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया, जैसे ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘ओम शांति ओम’, ‘रा.वन’, ‘चलते-चलते’ आदि।
इसके अलावा, उन्होंने 2008 में टीवी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में अर्चना पूरन सिंह के साथ जज के रूप में काम किया था। उनके मजेदार कमेंट्स और कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया था।
