South Asian University में हड़कंप! छात्रा ने उठाई न्याय की मांग

दक्षिण दिल्ली के दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय (SAU) में एक छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। यह घटना 12 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम के पास हुई थी। जानकारी मिलने पर मैदानगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि छात्रा को काउंसलिंग और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति बनाई है, जिसकी अध्यक्षता प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी कर रहे हैं। समिति में कल्पना उज्जैनवाला सचिव और रितु गौड़ व कविता खन्ना सदस्य हैं। यह समिति 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

घटना के बाद छात्रों में नाराजगी देखी गई। सोमवार शाम कई छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर एकत्र हुए और न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन ने मामले में देरी की और कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया।

विश्वविद्यालय के पीआरओ ने कहा कि पुलिस जांच जारी है और प्रशासन पूरी तरह सहयोग कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी छात्रों की सुरक्षा विश्वविद्यालय की पहली प्राथमिकता है। फिलहाल छात्रा के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *